Abhijeet Deepke Ink Attack: जंतर-मंतर पर शनिवार को चल रहे प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंक दी. घटना उस समय हुई, जब दीपके मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित कर रहे थे. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
भाषण के दौरान मंच तक पहुंची महिला
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अभिजीत दीपके मंच से संबोधन दे रहे थे. इसी दौरान एक महिला अचानक उनके करीब पहुंची और लगातार तीन बार उन पर स्याही फेंक दी. स्याही उनके चेहरे और हाथों पर फैल गई. घटना के बाद कुछ देर के लिए वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
समर्थकों ने पकड़ा, पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना के तुरंत बाद प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने महिला को पकड़ लिया. इस दौरान कुछ समर्थकों और महिला के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. हालांकि अभिजीत दीपके ने मंच से ही समर्थकों से शांत रहने और महिला के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं करने की अपील की. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. फिलहाल उसकी पहचान और घटना के पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है.
घटना के बाद फिर मंच पर लौटे दीपके
स्याही फेंके जाने के बाद अभिजीत दीपके दोबारा मंच पर पहुंचे और अपना संबोधन पूरा किया. बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए लिखा, "नीला मेरा रंग है... जय भीम." उन्होंने इस घटना पर नाराजगी जताने के बजाय इसे शांत तरीके से लिया.
सोनम वांगचुक के अस्पताल जाने के बाद शुरू किया अनशन
बताया जा रहा है कि CJP पिछले करीब एक महीने से NEET परीक्षा लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. इसी आंदोलन के तहत सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक 21 दिनों से अनशन पर थे. शनिवार सुबह पुलिस उन्हें मेडिकल आधार पर अस्पताल ले गई, जिसके बाद अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की.
20 जुलाई को संसद मार्च का ऐलान
CJP ने 20 जुलाई को संसद मार्च का भी आह्वान किया है. हालांकि सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद यह स्पष्ट नहीं है कि वे इस कार्यक्रम में शामिल हो पाएंगे या नहीं. फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.