Ranchi Suicide News: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. काली मंदिर रोड स्थित घर में महिला का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे परिजन
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह महिला की अपने पति से वीडियो कॉल और चैट पर बातचीत हुई थी. इसके कुछ समय बाद कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने कई बार आवाज लगाई. जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़ा गया. कमरे में महिला फंदे से लटकी मिली.
इसी साल हुई थी शादी
मृतका की पहचान सुमन के रूप में हुई है. उसकी शादी इसी वर्ष फरवरी में हुई थी. बताया गया है कि उसका पति नौकरी के सिलसिले में बेंगलुरु में रहता है और वहीं से काम करता है.
मोबाइल कब्जे में लेकर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. साथ ही महिला का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है.
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस मोबाइल फोन, बातचीत के रिकॉर्ड और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.