Jharkhand 108 Ambulance: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने तय किया है कि अब राज्य के सभी जिलों में 108 एंबुलेंस का संचालन संबंधित सदर अस्पताल के माध्यम से किया जाएगा. इसकी पूरी निगरानी जिले के सिविल सर्जन के जिम्मे होगी.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वर्तमान में सेवा संचालित कर रही कुछ एजेंसियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन एजेंसियों ने अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया है, उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
नई व्यवस्था लागू होने तक जारी रहेगा अंतरिम प्रबंधन
सरकार ने बताया कि नई एजेंसी के चयन और नई एंबुलेंस की खरीद की प्रक्रिया जारी है. तब तक अंतरिम व्यवस्था के तहत सभी जिलों में एंबुलेंस का संचालन सदर अस्पतालों के माध्यम से किया जाएगा.
सभी एंबुलेंस सदर अस्पताल में होंगी जमा
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया है कि 108 सेवा से जुड़ी सभी एंबुलेंस, चाहे वे चालू हालत में हों या खराब, संबंधित सदर अस्पताल में जमा कराई जाएं. इस पूरी व्यवस्था पर अंतिम निर्णय 21 जुलाई को होने वाली पांच सदस्यीय समिति की बैठक में लिया जाएगा.