Jamashedpur News: जमशेदपुर में किसी भी आपात या संवेदनशील स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बुधवार, 15 जुलाई 2026 को पुलिस केन्द्र, गोलमुरी में व्यापक दंगा-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक (नगर), सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए।
भीड़ नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई का अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया गया। इसमें भीड़ नियंत्रण, उपद्रवियों पर प्रभावी कार्रवाई, त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित ऑपरेशन और आपातकालीन हालात से निपटने के विभिन्न तरीकों का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने जवानों को संयम, सतर्कता और रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आधुनिक सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन
अभ्यास के दौरान दंगा-रोधी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, शील्ड, लाठी, गैस मास्क सहित अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने जवानों को इन उपकरणों के सही और प्रभावी उपयोग की जानकारी दी तथा उनकी परिचालन क्षमता और तत्परता का भी आकलन किया। साथ ही विभिन्न टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
भविष्य में भी जारी रहेंगे ऐसे अभ्यास
वरीय पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के नियमित मॉक ड्रिल से पुलिसकर्मियों का आत्मविश्वास और कार्यकुशलता बढ़ती है, जिससे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता मजबूत होती है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे अभ्यास आयोजित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस पूरी तैयारी के साथ जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रख सके।