Jagnnath Rath Yatra : आस्था, श्रद्धा और भक्ति के महापर्व भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बुधवार को पूरे जमशेदपुर में धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली जाएगी। शहर के विभिन्न इलाकों में अलग-अलग धार्मिक समितियों और संस्थाओं की ओर से भव्य रथ यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इसे लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बिष्टुपुर स्थित इस्कॉन (ISKCON) की रथ यात्रा आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर से शुरू होकर गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम और साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए साकची वाहन पड़ाव तक पहुंचेगी। वहीं कदमा इस्कॉन की रथ यात्रा उलियान स्थित जगन्नाथ मंदिर से निकलकर कदमा मार्केट, गणेश पूजा मैदान, कदमा थाना और विमेंस कॉलेज होते हुए विश्वजीत मणिमेला मैदान तक जाएगी।
सोनारी, टेल्को और बागबेड़ा-जुगसलाई क्षेत्रों में भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथ यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
रथ यात्रा को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। बिष्टुपुर वोल्टास बिल्डिंग से रीगल गोलचक्कर तक दोनों ओर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा मानगो चौक और डिमना चौक की ओर जाने वाले वाहनों को पारडीह चौक समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और यात्रा मार्गों पर प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि रथ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।