RIMS Ranchi MBBS Seats: झारखंड में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया गया है. नेशनल मेडिकल कमिशन (NMC) ने रिम्स, रांची में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाकर 250 करने की मंजूरी दे दी है. आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश इसी नई क्षमता के अनुसार लिया जाएगा.
सीटों में बढ़ोतरी के लिए स्वास्थ्य विभाग पिछले कई महीनों से आवश्यक तैयारियों में जुटा था. एनएमसी के निर्धारित मानकों और जरूरी व्यवस्थाओं को पूरा करने के बाद संस्थान को यह स्वीकृति मिली है. इससे पहले एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर में भी एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाई जा चुकी है.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड में चिकित्सा शिक्षा को और मजबूत बनाना है. उन्होंने कहा कि मेडिकल संस्थानों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि सिर्फ सीटें बढ़ाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी, छात्रावास, प्रयोगशालाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके.
रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ. डी. के. सिन्हा ने इसे संस्थान और राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि सीटें बढ़ने से झारखंड के अधिक विद्यार्थियों को अपने राज्य में ही मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. साथ ही भविष्य में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को भी इससे मजबूती मिलेगी.