News 26 Exclusive: News 26 की एक्सक्लूसिव पड़ताल में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के सिदगोड़ा डिपो से सरकारी संपत्तियों की बदहाल तस्वीर सामने आई है. डिपो में करोड़ों रुपये की गाड़ियां, मशीनें और अन्य उपकरण वर्षों से खुले आसमान के नीचे पड़े-पड़े खराब हो रहे हैं.
पड़ताल के दौरान सबसे चौंकाने वाली तस्वीर दो अत्याधुनिक सीवरेज सफाई मशीनों की मिली. करीब तीन-तीन करोड़ रुपये कीमत वाली इन दोनों मशीनों में लंबे समय से इस्तेमाल नहीं होने के कारण पेड़-पौधे तक उग आए हैं. इसके अलावा लगभग 18-18 लाख रुपये कीमत वाली कचरा उठाने वाली कई गाड़ियां भी जंग खाकर बेकार होने की स्थिति में पहुंच चुकी हैं.
डिपो में बड़ी संख्या में हरे और नीले डस्टबिन भी खराब हालत में पड़े मिले. वहीं करीब तीन महीने पहले खरीदे गए दो पिंक मोबाइल टॉयलेट भी उपयोग में आने के बजाय डिपो में ही खड़े दिखाई दिए. इनके अलावा ट्रैक्टर, जेसीबी और अन्य कई वाहन भी लंबे समय से बिना इस्तेमाल के पड़े हैं.
News 26 की पड़ताल में यह भी सामने आया कि कुछ वर्ष पहले खरीदे गए कई सीएनजी ऑटो भी इसी डिपो में खड़े-खड़े लगभग बर्बाद हो चुके हैं. डिपो में ऐसे कई वाहन और उपकरण मौजूद हैं, जिन्हें खरीदने के बाद उपयोग में लाने के बजाय सिर्फ रख दिया गया.
जब News 26 की टीम इस पूरे मामले पर संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने डिपो पहुंची तो कोई भी अधिकारी स्पष्ट जवाब देने के लिए सामने नहीं आया. एक अधिकारी दूसरे अधिकारी का हवाला देता रहा और जवाबदेही एक-दूसरे पर टालता नजर आया.
इसके बाद News 26 की टीम ने ड्रोन कैमरे के जरिए पूरे डिपो की तस्वीरें रिकॉर्ड कीं. इन तस्वीरों में करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति की वास्तविक स्थिति साफ दिखाई दे रही है.