Jharkhand News: झारखंड सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. पथ निर्माण विभाग ने राज्य के सभी उपायुक्तों को जिला स्तर पर हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स का तत्काल गठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. जिन जिलों से राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं, वहां बिना देरी टास्क फोर्स बनाकर इसकी जानकारी विभाग को भेजने को कहा गया है.
कई विभाग मिलकर करेंगे सड़क सुरक्षा की निगरानी
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि टास्क फोर्स में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण या संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग एजेंसी, पथ निर्माण विभाग और स्थानीय निकायों के अधिकारी शामिल होंगे. सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम करेंगे.
दुर्घटनाएं रोकने और अतिक्रमण हटाने पर रहेगा फोकस
टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करना है. इसके तहत दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान की जाएगी, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज होगी और सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाए जाएंगे. विभाग का मानना है कि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से सड़क हादसों में कमी लाने में मदद मिलेगी.
हर 15 दिन होगी समीक्षा, भेजनी होगी अनुपालन रिपोर्ट
निर्देश के अनुसार टास्क फोर्स हर 15 दिन में बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति की समीक्षा करेगी. प्रत्येक बैठक की कार्यवाही का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा और लिए गए निर्णयों के अनुपालन की नियमित निगरानी होगी. पथ निर्माण विभाग ने बताया कि कुछ जिलों में टास्क फोर्स का गठन हो चुका है, जबकि कई जिलों में यह प्रक्रिया अभी बाकी है. इसी वजह से सभी उपायुक्तों को जल्द कार्रवाई कर समयबद्ध अनुपालन रिपोर्ट विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं.