Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित आशियाना मोड़ के पास हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को आशियाना मोड़ के समीप तीन युवकों ने सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती निवासी बलराम के साथ छिनतई की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने उससे करीब 500 रुपये नकद और पर्स छीन लिया।
पुलिस ने मौके से दबोचा आरोपी को
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती निवासी सोनू सन्यासी (24 वर्ष), पिता राजू सन्यासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से पीड़ित का पर्स और छिने गए 500 रुपये बरामद किए हैं।
दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्वरित कार्रवाई के कारण मामले का जल्द उद्भेदन संभव हो सका। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।