Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-15

Seraikela News: चौका में जमीन विवाद को लेकर तनाव, नरसिंह इस्पात कंपनी पर बुजुर्ग से मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित खूंटी पहाड़धार में संचालित नरसिंह इस्पात कंपनी के आसपास जमीन विवाद को लेकर तनाव का मामला सामने आया है। एक बुजुर्ग ने कंपनी से जुड़े लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना में घायल बुजुर्ग का इलाज चावलीबासा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

रैयती जमीन पर पहुंचने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, खूंटी गांव निवासी अतुल महतो मंगलवार को अपनी रैयती जमीन पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कंपनी से जुड़े कुछ लोगों के साथ उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

जमीन पर कब्जे का लगाया आरोप
घायल अतुल महतो का आरोप है कि कंपनी उनकी निजी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और कथित तौर पर मारपीट भी की गई। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण कंपनी की चारदीवारी के पास मिट्टी का कटाव हो रहा है। इसे रोकने के लिए कंपनी की ओर से गार्डवाल का निर्माण कराया जा रहा है। विवाद इसी निर्माण कार्य को लेकर सामने आया है। अतुल महतो का दावा है कि गार्डवाल की आड़ में उनकी जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा है।



कंपनी का पक्ष आना बाकी, पुलिस ने कही यह बात
फिलहाल इस पूरे मामले पर नरसिंह इस्पात कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कंपनी का पक्ष मिलने पर उसे भी शामिल किया जाएगा। वहीं, चौका थाना पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

JLKM ने बुलाई ग्रामीणों की बैठक
घटना के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) भी इस मामले में सक्रिय हो गया है। पार्टी नेता तरुण महतो ने बुधवार दोपहर 1 बजे कंपनी परिसर के समीप ग्रामीणों की बैठक बुलाई है। बताया गया है कि बैठक में पूरे मामले पर चर्चा कर आगे की कानूनी और लोकतांत्रिक रणनीति तय की जाएगी। JLKM नेताओं का कहना है कि क्षेत्र में जमीन और रोजगार से जुड़े विवाद लगातार सामने आते रहे हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं हो पा रहा है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !