Ranchi News : झारखंड विधानसभा में सोमवार को राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) की झारखंड शाखा की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष एवं सीपीए झारखंड शाखा के सभापति रबीन्द्र नाथ महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में की।
बैठक में झारखंड से 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधिमंडल और सम्मेलन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों के चयन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बदलती वैश्विक व्यवस्था में संसदीय लोकतंत्र होगा चर्चा का केंद्र
रबीन्द्र नाथ महतो ने बताया कि राष्ट्रमंडल संसदीय संघ का 69वां सम्मेलन 13 से 19 सितंबर 2026 तक दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित होगा। इस वर्ष सम्मेलन का विषय बदलती वैश्विक व्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय कानून और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने में राष्ट्रमंडल की भूमिका रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में संसदीय लोकतंत्र, कानून के शासन, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और बदलती वैश्विक परिस्थितियों में राष्ट्रमंडल देशों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही सदस्य विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।
बैठक में विधायक मथुरा प्रसाद महतो, दशरथ गागराई, प्रकाश राम, डॉ. नीरा यादव और ममता देवी उपस्थित रहीं। इसके अलावा झारखंड विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।