Giridih News: गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत मनसाडीह ओपी क्षेत्र के कुंडी गांव में महज 13 हजार रुपये के डीजे बकाया को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में 65 वर्षीय जागेश्वर भुला की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामा खेरवार को गिरफ्तार कर लिया।
महीनों से मांग रहा था 13 हजार रुपये का बकाया
जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले जागेश्वर भुला के घर शादी समारोह के लिए रामा खेरवार ने 13 हजार रुपये में डीजे की व्यवस्था कराई थी। शादी के बाद भुगतान नहीं होने पर रामा ने अपनी जेब से डीजे संचालक का पूरा पैसा चुका दिया। इसके बाद वह लगातार जागेश्वर भुला से अपनी राशि वापस मांग रहा था, लेकिन उसे पैसे नहीं मिले।
सोमवार शाम रामा खेरवार एक बार फिर बकाया राशि मांगने जागेश्वर भुला के घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में रामा ने लाठी से जागेश्वर भुला के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मनसाडीह ओपी प्रभारी अरविन्द ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेजा और छापेमारी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की मंशा से इनकार करते हुए कहा कि झगड़े के दौरान लाठी चलने से यह घटना हुई।
फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। घटना के बाद कुंडी गांव में शोक और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाता, तो महज 13 हजार रुपये का विवाद एक व्यक्ति की जान नहीं लेता। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।