MACP Grade Pay: झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजस्व परिषद के सदस्य-सह-अध्यक्ष भत्ता संशोधन समीक्षा उच्च स्तरीय समिति से मुलाकात कर पुलिसकर्मियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के हितों से जुड़ा एक विस्तृत ज्ञापन समिति को सौंपा।
भत्तों में संशोधन और सेवा शर्तों में एकरूपता की मांग
बैठक में झारखंड पुलिस सेवा के पदाधिकारियों, कनिष्ठ पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और चतुर्थवर्गीय कर्मियों को मिलने वाले विभिन्न भत्तों में संशोधन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके साथ ही सेवा शर्तों में एकरूपता लाने और एमएसीपी (MACP) से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
द्वितीय MACP में ग्रेड पे-4200 देने की उठी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड राज्य के आरक्षी और हवलदार संवर्ग के कर्मियों को द्वितीय MACP के तहत ग्रेड पे-4200 स्वीकृत करने के संबंध में भी समिति को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के व्यापक हितों का हवाला देते हुए इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए भी पहल
पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य लाभ को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन ने नेपाल सीमा से सटे दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी क्षेत्र के अस्पतालों को राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सूचीबद्ध करने की मांग उठाई है। इस संबंध में रांची स्थित झारखंड स्टेट आरोग्य सोसायटी के कार्यकारी निदेशक को पत्र भेजा गया है, ताकि सीमावर्ती और बाहरी क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर और समय पर उपचार की सुविधा मिल सके।