Bihar News: बिहार के जमुई जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र के घुरमुड़िया गांव में सोमवार शाम मजाक के दौरान चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान आयुष उर्फ संदीप कुमार के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
मजाक के दौरान चली गोली, युवक को घायल छोड़ दोनों आरोपी फरार
घायल आयुष ने बताया कि वह गांव में मौजूद था, तभी उसका पड़ोसी और दोस्त चमकू तथा सचिन पिस्टल लेकर पहुंचे। दोनों मजाक-मजाक में उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसी दौरान अचानक पिस्टल से गोली चल गई, जो उसके पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा, जबकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, फरार आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही लछुआड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपितों की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घायल ने कहा, हम गांव में थे। तभी चमकू और सचिन पिस्टल लेकर आए। मजाक में धमकी दे रहे थे। अचानक गोली चल गई और मेरे पेट में लग गई। इसके बाद दोनों वहां से भाग गए।