BREAKING: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टुइलाडुंगरी इलाके में मंगलवार सुबह CBI की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की. रांची और पंजाब से पहुंची CBI की टीम ने करीब चार घंटे तक एक घर में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान राजदीप सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए गोलमुरी थाना लाया गया.
साइबर फ्रॉड से जुड़ा बताया जा रहा है मामला
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा बताया जा रहा है. जानकारी है कि एक बैंक खाते के जरिए लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई. हालांकि अब तक CBI की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
रांची और पंजाब से पहुंची थी CBI टीम
जानकारी के मुताबिक, रांची और पंजाब CBI की संयुक्त टीम सुबह टुइलाडुंगरी स्थित सरस्वती नगर इलाके में पहुंची और संबंधित ठिकाने पर छापेमारी शुरू की. टीम ने कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की. कार्रवाई करीब चार घंटे तक चली.
हिरासत में लेकर हो रही पूछताछ
छापेमारी के बाद राजदीप को हिरासत में लिया गया है. फिलहाल उससे गोलमुरी थाना में पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित साइबर ठगी के नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका रही है और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं.
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल CBI की ओर से पूरे मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. सूत्रों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और पूछताछ के बाद इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं.