Jamshedpur News: जुगसलाई के शिव घाट रोड स्थित प्रस्तावित शराब दुकान के खुलने से पहले ही स्थानीय लोगों ने इसका जोरदार विरोध शुरू कर दिया। सोमवार को दुकान में शराब की खेप लेकर पहुंचे वाहनों को बस्तीवासियों ने रोक दिया और मौके पर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार से दुकान शुरू होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही शराब पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जुट गए।
स्कूल और मंदिर के पास दुकान खोलने पर जताई आपत्ति
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि प्रस्तावित शराब दुकान से करीब 50 मीटर की दूरी पर सेंट जॉन स्कूल और लगभग इतनी ही दूरी पर एक मंदिर स्थित है। उनका कहना है कि यह पूरी तरह रिहायशी इलाका है और यहां शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होने के साथ-साथ अपराध और असामाजिक गतिविधियों की आशंका बढ़ जाएगी। लोगों ने सरकार से इस स्थान पर शराब दुकान खोलने की अनुमति वापस लेने की मांग की है।
डीसी कार्यालय में करेंगे प्रदर्शन, दुकान नहीं खोलने की मांग
स्थानीय बस्तीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि दुकान खोलने का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो वे मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि किसी भी कीमत पर रिहायशी क्षेत्र में शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। फिलहाल लोगों के विरोध के कारण दुकान में शराब की सप्लाई रोक दी गई है।