Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-13

Jamshedpur News: जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसएसपी ने जवानों को किया ब्रीफ, सतर्कता और मुस्तैदी के दिए निर्देश

Jamshedpur News: जमशेदपुर शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार दोपहर सीसीआर साकची परिसर में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने टैंगो मोबाइल, पीसीआर, शक्ति कमांडो और क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के जवानों की विशेष ब्रीफिंग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, पुलिस निरीक्षक सीसीआर और साकची थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। एसएसपी ने सभी जवानों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।



असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई और एंटी क्राइम चेकिंग तेज करने के निर्देश
ब्रीफिंग के दौरान शहर में नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले, असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और तेज करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।

एसएसपी ने निर्देश दिया कि पेट्रोलिंग के दौरान किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचित किया जाए, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
उन्होंने ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन करने की घोषणा भी की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण, आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी और अभियान लगातार जारी रहेंगे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !