Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-13

Adityapur News: जिओ कर्मी के हादसे के बाद इलाज में मदद नहीं मिलने का आरोप, भाई ने आदित्यपुर थाना में दी लिखित शिकायत

Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित रिलायंस जिओ कार्यालय में सोमवार को कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि काम के दौरान हुए हादसे में घायल जिओ कर्मी के इलाज का खर्च कंपनी की ओर से नहीं उठाया गया, जिससे नाराज करीब 20 से 30 कर्मचारियों ने कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और शटर गिराकर ताला लगा दिया।

टावर पर काम करने के दौरान हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, राजनगर थाना क्षेत्र में जिओ टावर पर काम करने के दौरान जितेंद्र कुमार और गोपाल नामक दो कर्मी दुर्घटना का शिकार हो गए थे। हादसे में जितेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद साथी कर्मचारियों ने उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया। घायल कर्मी के भाई सुबोध कुमार ने आदित्यपुर थाना में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कंपनी की ओर से इलाज के लिए किसी तरह की आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। मजबूरी में अन्य कर्मचारियों ने आपस में चंदा जुटाकर इलाज का खर्च उठाया।

इलाज की जानकारी लेने पहुंचे अधिकारी, लेकिन नहीं मिली मदद
सुबोध कुमार के अनुसार, कंपनी के कुछ अधिकारी घायल कर्मी को देखने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन इलाज में अधिक खर्च की जानकारी मिलने के बाद वे वापस लौट गए। इसके बाद जब कर्मचारी अपनी समस्याएं लेकर कार्यालय पहुंचे तो प्रबंधन की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया।

कर्मियों ने कार्यालय में किया विरोध प्रदर्शन
कंपनी प्रबंधन के रवैये से नाराज कर्मचारियों ने आदित्यपुर स्थित प्रसिद्ध सिंह टावर में बने जिओ ऑफिस पहुंचकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने कार्यालय का शटर गिराकर ताला लगा दिया और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। कर्मियों का कहना है कि घायल गोपाल की हालत भी गंभीर बनी हुई है और समय पर इलाज के लिए आर्थिक सहायता नहीं मिलने पर स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने कंपनी पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
मामले को लेकर घायल कर्मी के भाई सुबोध कुमार और अन्य कर्मचारियों ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब पूरे मामले में कंपनी प्रबंधन की भूमिका और कर्मचारियों के आरोपों की जांच की जा रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !