Ramban Road Accident: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में अमरनाथ यात्रा काफिले के साथ सोमवार को सड़क हादसा हो गया. चंदरकोट के लंगर स्थल के पास काफिले में शामिल चार वाहन आपस में टकरा गए, जिससे 18 श्रद्धालु घायल हो गए. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और प्रशासन के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.
बस की टक्कर से शुरू हुई दुर्घटना
अधिकारियों के मुताबिक हादसा उस समय हुआ, जब काफिले में चल रही एक एसआरटीसी बस आगे मौजूद दूसरी एसआरटीसी बस से टकरा गई. इसके बाद दूसरी बस एक कार से भिड़ी और कार आगे चल रही निजी बस से जा टकराई. कुछ ही क्षणों में चार वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे. सभी घायलों को तत्काल रामबन जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रशासन ने बताया कि सभी को मामूली चोटें आई हैं.
कई राज्यों के श्रद्धालु घायल
प्रशासन के अनुसार, अब तक 10 घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और पंजाब के श्रद्धालुओं के रूप में हुई है. अन्य आठ लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
हादसे के बाद कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. बाद में राहत कार्य पूरा होने के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा काफिले में चल रहे वाहनों की आपसी टक्कर के कारण हुआ. अधिकारियों ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि 3 जुलाई से शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के अवसर पर संपन्न होगी. इस वर्ष अब तक 2.45 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं.