Ranchi News : छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रांची विश्वविद्यालय ने “हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर” की शुरुआत की है। यह केंद्र पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं, सेमेस्टर के दबाव, पारिवारिक समस्याओं और सोशल मीडिया की बढ़ती लत से जूझ रहे छात्रों को मानसिक तनाव, अवसाद और अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं से उबरने में मदद कर रहा है।
सेंटर के निदेशक एवं रांची विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. परवेज हसन ने बताया कि इस केंद्र की शुरुआत 8 अप्रैल 2026 को की गई थी। अब तक 72 से 75 छात्र और अन्य लोग यहां की सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। सप्ताह में तीन दिन सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (सीआईपी) के प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग करते हैं, जबकि अन्य दिनों में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ छात्रों का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र में पूरी गोपनीयता के साथ काउंसलिंग की जाती है और यहां किसी भी प्रकार की दवा नहीं दी जाती।
सीएसआर फंड से संचालित, भविष्य में मेडिकल विशेषज्ञ भी जुड़ेंगे
प्रो. हसन ने कहा कि परीक्षा का दबाव, करियर की चिंता, पारिवारिक तनाव, सोशल मीडिया और मोबाइल गेमिंग की लत आज छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को सबसे अधिक प्रभावित कर रही है। जरूरत पड़ने पर अभिभावकों की भी काउंसलिंग की जाती है और उन्हें बच्चों के साथ अधिक समय बिताने की सलाह दी जाती है। उन्होंने हाल के छात्र आत्महत्या और बुलिंग की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सभी शिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षित काउंसलरों की नियुक्ति पर जोर दिया।
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क हैं और इसका संचालन सीएसआर (CSR) फंड के माध्यम से किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा के मार्गदर्शन में भविष्य में यहां मेडिकल डॉक्टरों की सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। साथ ही, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।