Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी मुख्य बाजार स्थित कलाली रोड में रविवार रात अज्ञात उचक्कों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश एक बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखा करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बाइक की डिक्की से 400 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी के गहनों से भरा बैग गायब
करनी रोड स्थित आशा ज्वेलर्स के संचालक दिलीप सोनी ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर लगभग 400 ग्राम सोना और 10 किलो चांदी के गहनों से भरा बैग बाइक की डिक्की में रखकर घर जा रहे थे। कलाली रोड में कुछ देर के लिए बाइक खड़ी करने के बाद जब वह घर पहुंचे और डिक्की खोली तो गहनों से भरा बैग गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत इटखोरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बाजार और आसपास के इलाकों में पहले भी चेन स्नैचिंग और चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, विशेष टीम जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच टीम बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी की वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बाइक की डिक्की से गहनों से भरा बैग चोरी होने की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।