Giridih News : गिरिडीह से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डीएस) डॉ. बी.एन. झा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाचम्बा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने कुएं में शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। शहर के जाने-माने चिकित्सक रहे डॉ. बी.एन. झा के निधन की खबर से चिकित्सा जगत और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
फिलहाल डॉ. बी.एन. झा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।