Jamshedpur News : आगामी रथ यात्रा (जगन्नाथ यात्रा-2026) के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर रविवार को जुगसलाई थाना परिसर के स्वागत कक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था), जमशेदपुर ने की। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों तथा जगन्नाथ यात्रा समिति के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जुलूस मार्ग, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।

शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
बैठक में कार्यपालक दंडाधिकारी, जुगसलाई थाना प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शांति समिति और जगन्नाथ यात्रा समिति के कुल 23 सदस्यों ने भी बैठक में भाग लिया।
प्रशासन ने सभी समिति सदस्यों से पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया, ताकि रथ यात्रा का आयोजन शांति, सुरक्षा और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सके।