Jharkhand Crime News: एक पिता ने पारिवारिक कलह में हैवानियत की सारी हदें पार कर दी. मामूली बात पर शुरू हुए घरेलू विवाद में गुस्से से आगबबूला होकर एक पिता ने अपनी ही 15 वर्षीय मासूम बेटी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, जब घर के बुजुर्ग बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया. जिसके बाद इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.
मामूली विवाद और फिर खूनी तांडव
मिली जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक घटना बीते शनिवार की देर शाम की है. प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी हड़ुआ मंडल का शनिवार शाम को अपने परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते यह मामूली सी बहस एक बड़े झगड़े में बदल गई. गुस्से में अपना आपा खो चुके हड़ुआ मंडल ने अपनी 15 वर्षीय बेटी पुड़की कुमारी पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. आरोपी अपनी बेटी को तब तक बेरहमी से पीटता रहा, जब तक कि उसकी सांसें नहीं थम गईं. पिता के इस हिंसक रूप के आगे बेबस बच्ची ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया.
बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग को भी नहीं बख्शा
घर से आ रही चीख-पुकार और हंगामा सुनकर आरोपी के चचेरे भाई (मृतका के चचेरे चाचा) 60 वर्षीय सरजू मंडल तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे. उन्होंने बीच-बचाव करने और आरोपी को शांत करने का प्रयास किया. लेकिन खून सवार हो चुके हड़ुआ मंडल पर इसका कोई असर नहीं हुआ. उसने सरजू मंडल पर भी ईंट से जोरदार वार कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वह लहूलुहान होकर वही गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुटे और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल सरजू मंडल को इलाज के लिए देवघर ले गए. अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी हालत को बेहद नाजुक बताया. आखिरकार, जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए रविवार को इलाज के दौरान सरजू मंडल ने भी दम तोड़ दिया.