Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले की संजय नदी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। शनिवार को नदी में नहाने गए एक निजी शिक्षक की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चलाए गए करीब 18 घंटे के लंबे खोज अभियान के बाद रविवार को ग्रामीणों की मदद से नदी से शव को बाहर निकाला जा सका।
नहाने के दौरान तेज धारा में बहे शिक्षक
मृतक की पहचान गम्हरिया प्रखंड के धातकीडीह निवासी 35 वर्षीय जीतेन महतो के रूप में की गई है। जानकारी के मुताबिक, जीतेन शनिवार को अपने साढू और साले के साथ संजय नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान नहाने के क्रम में वह अचानक नदी के गहरे पानी की ओर चले गए और पानी की तेज धारा में बहने लगे। उनके साथ मौजूद परिजनों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन नदी का वेग तेज होने के कारण वे असफल रहे।
एनडीआरएफ के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने निकाला शव
हादसे की जानकारी मिलते ही सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ (NDRF) को भी सूचित किया गया था। हालांकि, एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय ग्रामीणों ने करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार को शव को नदी से खोज निकाला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
सरायकेला थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि "प्रथम दृष्टया यह मामला नदी में डूबने का ही लग रहा है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।" इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।