Ranchi News : राजधानी के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में पुरानी विधानसभा के सामने मारपीट और चेन छिनतई का मामला सामने आया है। घटना 6 जुलाई की रात की बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, धुर्वा स्थित सर्वेंट क्वार्टर निवासी सैयद मो. फुरकान आलम ने शिकायत दर्ज कराई है कि 6 जुलाई की रात करीब 9:45 बजे उनके भाई मो. सुल्तान आलम, मुमताज आलम और मो. इरफान आलम पुरानी विधानसभा के सामने स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों का एक समूह धारदार हथियार, लोहे की रॉड और अन्य घातक हथियारों के साथ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने तीनों भाइयों के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे फुरकान आलम पर भी हमला किया गया। आरोप है कि उनके चेहरे पर पत्थर मारकर घायल कर दिया गया और गले से करीब 15 ग्राम वजनी सोने की चेन भी छीन ली गई।
14 नामजद समेत कई के खिलाफ एफआईआर, गिरफ्तारी की मांग
इस मामले में पुलिस ने राणा, मोहित यादव, रौनक शर्मा, आर्यण यादव, प्रमेश्वर तिवारी उर्फ मोनू समेत 14 नामजद आरोपियों और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
घायल पक्ष और स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस अब तक प्रभावी कार्रवाई करने में सफल नहीं हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।