Bihar News: बिहार के खगड़िया जिले में चलती ट्रेन में मोबाइल झपटने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गया। जनहित एक्सप्रेस के मानसी स्टेशन से गाड़ी खुलते ही खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया, लेकिन सतर्क यात्रियों ने आरोपी का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद युवक ट्रेन की खिड़की के बाहर करीब 9 किलोमीटर तक लटका रहा। मानसी और खगड़िया स्टेशन के बीच हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यात्रियों ने नहीं छोड़ा हाथ, खगड़िया स्टेशन पर पुलिस को सौंपा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के बावजूद यात्रियों ने आरोपी का हाथ नहीं छोड़ा ताकि वह गिरकर किसी बड़े हादसे का शिकार न हो जाए। वायरल वीडियो में युवक अपना नाम छोटू कुमार और घर लखमिनिया बता रहा है तथा रिश्तेदार को खोजने की बात कह रहा है। ट्रेन के खगड़िया स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों ने उसे जीआरपी के हवाले कर दिया।
आरोपी हिरासत में, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद फकरुद्दीन उर्फ छोटू, निवासी नवगछिया, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। वहीं, चलती ट्रेन से युवक के लटके रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।