Dhanbad News : कोयलांचल क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी के मामलों को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक सहायक कमांडेंट और चार इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों पर कोयला चोरी रोकने में लापरवाही बरतने का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद कोयलांचल क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
निलंबित अधिकारियों में सहायक कमांडेंट अरुंजय सिंह के अलावा इंस्पेक्टर चंद्रभूषण सहगल, एमडी सोहेल शमीम और पारस यादव शामिल हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
समीक्षा के बाद सख्ती, अवैध खनन पर लगातार कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री स्तर पर कोयला चोरी और अवैध खनन की समीक्षा के बाद इस मामले में सख्त रुख अपनाया गया। समीक्षा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और कोयला चोरी रोकने के उपायों की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई थी। इसके बाद जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
धनबाद और आसपास के कोयलांचल क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन और कोयला चोरी बड़ी चुनौती बनी हुई है। इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए हाल के दिनों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और कोयला चोरी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।