Ranchi News : झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (JSFCSCL) ने मुख्यालय के इंटरनल ऑडिट के लिए योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और कॉस्ट अकाउंटेंट फर्मों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। चयनित फर्म को वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए दो वर्षों तक इंटरनल ऑडिट का दायित्व सौंपा जाएगा।
निगम की ओर से जारी निविदा के अनुसार इच्छुक फर्में 31 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकती हैं। तकनीकी बिड 3 अगस्त को दोपहर 3 बजे खोली जाएगी, जबकि 15 जुलाई को रांची के कडरू स्थित JSFC भवन में प्री-बिड बैठक आयोजित होगी।
QCBS पद्धति से होगा चयन, अनुभव और टर्नओवर की शर्तें तय
ऑडिटर का चयन क्वालिटी एंड कॉस्ट बेस्ड सिलेक्शन (QCBS) पद्धति के तहत किया जाएगा, जिसमें तकनीकी योग्यता को 70 प्रतिशत और वित्तीय प्रस्ताव को 30 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। टेंडर में भाग लेने वाली फर्मों को 5,000 रुपये आवेदन शुल्क तथा 25,000 रुपये की ईएमडी जमा करनी होगी। आवेदन रजिस्टर्ड पोस्ट, स्पीड पोस्ट या सीलबंद लिफाफे के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
निविदा में भाग लेने के लिए फर्म के पास सरकारी विभाग, सार्वजनिक उपक्रम या खाद्य निगम में कम से कम पांच वर्षों का ऑडिट अनुभव होना आवश्यक है। इसके अलावा रांची में पिछले आठ वर्षों से कार्यालय संचालित होना चाहिए तथा पिछले तीन वित्तीय वर्षों में कंसल्टेंसी सेवाओं से औसत वार्षिक टर्नओवर 50 लाख रुपये से अधिक होना अनिवार्य है। ब्लैकलिस्टेड फर्मों को इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
निगम के अनुसार, इंटरनल ऑडिट का उद्देश्य वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना, व्यय की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना तथा भुगतान से पूर्व वाउचर और लेखा-जोखा का सत्यापन करना है।