Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-10

Jamshedpur Crime News: परसुडीह के रोहित मुंडा हत्याकांड मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या में शामिल 4 आरोपी गिरफ्तार, बाइक के विवाद में दोस्तों ने ही मिलकर की थी हत्या

Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सरजमदा बांध टोला में युवक रोहित मुंडा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात में शामिल चार मुख्य नामजद आरोपियों, सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा और रवि यादव को विधिवत् गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस घटना में संलिप्त एक नाबालिग (बालक) को भी निरुद्ध (हिरासत में) किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे भी बरामद कर लिए हैं.

नशे की हालत में दोस्त की बाइक घर ले आया था रोहित
घटनाक्रम के अनुसार, 8-9 जुलाई की मध्यरात्रि को सोपोडेरा मिलाप भवन में एक शादी-पार्टी का आयोजन था. इस पार्टी में मृतक रोहित मुंडा अपने दोस्तों सुजल लोहार, हरिपदो मछुआ, समीर मुंडा, रवि यादव और करन पात्रो के साथ शामिल होने गया था. पार्टी खत्म होने के बाद रोहित मुंडा अत्यधिक नशे की हालत में था और वह भूलवश अपने ही दोस्त हरिपदो मछुआ की मोटरसाइकिल लेकर सीधे अपने घर सरजमदा चला आया. जब उसके दोस्तों को पार्किंग में बाइक नहीं मिली, तो उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की. स्थानीय लोगों ने बताया कि रोहित मुंडा को बाइक लेकर जाते हुए देखा गया है.

घर के बाहर खड़ी बाइक देख भड़के दोस्त, लाठी-डंडों से पीटा
जब सभी दोस्त रोहित को ढूंढते हुए सरजमदा स्थित उसके घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि हरिपदो की मोटरसाइकिल रोहित के घर के बाहर ही खड़ी है. इसी बात को लेकर नशे में धुत्त दोस्तों के बीच आपस में गाली-गलौज और तीखा विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि सभी दोस्तों ने मिलकर रोहित मुंडा पर लाठी-डंडों, लात और मुक्कों से बेरहमी से हमला कर दिया. रोहित को गंभीर रूप से घायल करने के बाद सभी आरोपी युवक अपने-अपने घर चले गए और घायल रोहित भी अपने कमरे में चला गया. अगले दिन 9 जुलाई की सुबह घर पर ही चोटों के कारण रोहित मुंडा की दर्दनाक मृत्यु हो गई.



CCTV फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
रोहित की मौत के बाद उसकी मां पुतुल कालिंदी और पिता शंकर कालिंदी ने परसुडीह थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी. माता-पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या से जुड़ी विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. परसुडीह थाना पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर चारों आरोपियों को सरजमदा और चांदनी चौक इलाकों से दबोच लिया. समीर मुंडा और सुजल लोहार की निशानदेही पर पुलिस ने साक्ष्य के रूप में प्रयुक्त डंडे जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !