पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के शहरी गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान मणिकांत कुमार की पुत्री आलिया (3) के रूप में हुई है। मणिकांत चेन्नई में निजी नौकरी करते हैं और बच्ची इन दिनों अपने ननिहाल में रह रही थी।
बच्ची के मामा ऋषि ने बताया कि उसकी नानी उसे लेकर सड़क किनारे बैठी थीं और पास में बैठी अन्य महिला से बातों में व्यस्त थीं। इसी दौरान बच्ची खेलते-खेलते सड़क पर चली गई और एक तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुछ दूरी पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेज दिया है। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।
स्थानीय निवासी शंकर ने बताया कि बच्ची सड़क किनारे खेल रही थी, तभी ऑटो ने तेज रफ्तार में आकर उसे जोरदार टक्कर मार दी। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन समय रहते वाहन नहीं रुका।