Ranchi Collectorate: रांची समाहरणालय में आने वाले लोगों के लिए ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना अब अधिक आसान होगा. शुक्रवार को समाहरणालय भवन में तीन नई लिफ्टों की शुरुआत की गई. इनमें ब्लॉक ए में दो और ब्लॉक बी में एक लिफ्ट लगाई गई है. नई लिफ्टों के चालू होने के बाद समाहरणालय परिसर में लिफ्टों की कुल संख्या बढ़कर आठ हो गई है. पहले दोनों ब्लॉक में पांच लिफ्ट संचालित थीं.
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने किया उद्घाटन
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को नई लिफ्टों का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि समाहरणालय में रोज बड़ी संख्या में लोग विभिन्न सरकारी कामों से पहुंचते हैं. नई लिफ्टों के शुरू होने से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों तक पहुंचने में सुविधा होगी और भीड़ का दबाव भी कम होगा. उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि लिफ्टों का संचालन नियमित और व्यवस्थित तरीके से हो.
बिजली कटने पर नजदीकी फ्लोर पर खुलेगा दरवाजा
नई लिफ्टों में आधुनिक सेल्फ रेस्क्यू सिस्टम लगाया गया है. बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में लिफ्ट स्वतः नजदीकी मंजिल तक पहुंचेगी और दरवाजा खुल जाएगा. इस तकनीक से लिफ्ट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद मिलेगी. प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से यह व्यवस्था काफी उपयोगी होगी.
रखरखाव और सुरक्षा पर विशेष जोर
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को लिफ्टों के नियमित रखरखाव और सभी सुरक्षा मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि समाहरणालय पहुंचने वाले लोगों को सुरक्षित, सहज और बेहतर सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता है.
कई अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन कार्यक्रम में सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम विधि-व्यवस्था धनंजय, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, आईटीडीए की मनीषा तिर्की, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, स्थापना उप समाहर्ता ज्योति वंदना कुजूर, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक कुमार सुमन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा और विद्युत कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे.