Garib Rath News: गरीब रथ एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही एक महिला के कथित सर्पदंश की आशंका का मामला सामने आया है. घटना के बाद रेलवे की कोच सुरक्षा, सफाई और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. महिला का इलाज जारी है, जबकि रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है.
सफर के दौरान बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर ने जताई आशंका
जानकारी के अनुसार, पलामू के बैरिया की रहने वाली रिमझिम सिंह 3 जुलाई की रात डाल्टनगंज से नई दिल्ली के लिए गरीब रथ एक्सप्रेस की जी-12 बोगी में सवार हुई थीं. ट्रेन खुलने के कुछ देर बाद उन्हें तेज पसीना, घबराहट और पैर में तेज दर्द महसूस हुआ. उनके पैर पर दो दांत जैसे निशान दिखाई दिए, जिसकी तस्वीर देखने के बाद डॉक्टर ने सर्पदंश की आशंका जताई.
रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना, गढ़वा रोड में उतारकर कराया इलाज
महिला ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी. इसके बाद रेलवे के डॉक्टर और टीटीई ने उनकी जांच की. प्रारंभिक जांच में सर्पदंश की आशंका जताई गई, जिसके बाद गढ़वा रोड जंक्शन पर महिला और उनके बच्चों को ट्रेन से उतारकर सदर अस्पताल भेजा गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. परिजनों के मुताबिक, फिलहाल उनका इलाज मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत में सुधार है.
कोच की सुरक्षा और मेंटेनेंस पर उठे सवाल
घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे की सफाई, पेस्ट कंट्रोल और कोच मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि यदि एसी कोच में नियमित निरीक्षण और फ्यूमिगेशन किया जाता है, तो ऐसे मामले कैसे सामने आ रहे हैं. यात्रियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कोचों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक रेलवे की ओर से मामले में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.