CISF Operations: अवैध कोयला खनन, चोरी, भंडारण और परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने झारखंड और पश्चिम बंगाल के कोयला क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया है. चार से आठ जुलाई के बीच हुई संयुक्त कार्रवाई में 428.34 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया. इस दौरान एक हाइवा ट्रक, 13 से अधिक मोटरसाइकिलें और अवैध खनन में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी जब्त किए गए.
MMDR Act के तहत मिले अधिकारों के बाद कार्रवाई तेज
भारत सरकार की "जीरो कोल लीकेज" पहल को लागू करने के लिए CISF ने कार्रवाई तेज की है. खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 22, 23बी और 24 के तहत नामित अधिकारियों को मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए यह अभियान चलाया गया. CISF की टीमें कोल इंडिया की सहायक कंपनियों, स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्रवाई कर रही हैं. अभियान के दौरान खुफिया इनपुट, ड्रोन निगरानी और जमीनी स्तर पर जांच का सहारा लिया गया.
पांच दिन में चार FIR, कई लोग पकड़े गए
CISF के अनुसार, विशेष अभियान के दौरान स्थानीय थानों में चार प्राथमिकी दर्ज कराई गई हैं. अवैध कोयला कारोबार से जुड़े कई लोगों को पकड़ा गया है. उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
बल का कहना है कि अवैध खनन और कोयला चोरी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर आगे भी कार्रवाई जारी रखी जाएगी.
BCCL क्षेत्र से सबसे ज्यादा 319.54 टन कोयला बरामद
धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई. यहां से 319.54 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया.
CISF ने धनबाद के अलावा कतरास, ब्लॉक-2, बसंतीमाता कारगिल, कुस्तौर, सिजुआ, जियलगोरा, बरोरा, गोविंदपुर और एनटीएसटी क्षेत्रों में छापेमारी की. इन इलाकों में ड्रोन सर्विलांस और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया.
ECL क्षेत्रों से 85.93 टन अवैध कोयला जब्त
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के विभिन्न क्षेत्रों में भी CISF ने कार्रवाई की. सीतलपुर, राजमहल, सालानपुर, चित्रा, चापापुर-2 ओसीपी, सोनपुर बाजारी और कुनुस्तोरिया क्षेत्रों से कुल 85.93 मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त किया गया.
पिपरवार और NK क्षेत्र में हाइवा ट्रक पकड़ा गया
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के पिपरवार और नॉर्थ कर्णपुरा क्षेत्र में जांच के दौरान CISF ने अवैध कोयला ले जा रहे एक हाइवा ट्रक को पकड़ा. ट्रक से 13.62 मीट्रिक टन कोयला बरामद किया गया. CISF के अनुसार, कोयले को छिपाकर ले जाया जा रहा था. वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
करगली क्षेत्र से कोयला और सात बाइक जब्त
CCL के करगली क्षेत्र में भी विशेष छापेमारी की गई. यहां से 9.25 मीट्रिक टन अवैध कोयला और सात मोटरसाइकिलें जब्त की गईं. CISF ने कहा कि कोयला क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वित अभियान आगे भी जारी रहेगा.