Ranchi RSS Office: रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में गिरफ्तार अमन अंसारी और सायम सुजान को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया गया.
दोनों को एनआईए के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में पेश किया गया. अदालत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार भेज दिया गया.
16 जून की रात दो बार हुआ था हमला
मामला 16 जून की रात का है. निवारणपुर स्थित RSS कार्यालय पर कुछ मिनट के अंतराल में दो पेट्रोल बम फेंके गए थे. पुलिस के अनुसार, पहला पेट्रोल बम रात करीब 12:36 बजे और दूसरा करीब 12:39 बजे फेंका गया था. घटना के समय कार्यालय परिसर में करीब 20 लोग मौजूद थे.
प्रवेश द्वार और छत पर फेंके गए थे पेट्रोल बम
जांच में सामने आया कि एक पेट्रोल बम कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर स्थित प्रवेश द्वार के पास फेंका गया था. यह सॉस की कांच की बोतल से बनाया गया था, लेकिन बोतल टूटने के कारण उसमें विस्फोट नहीं हुआ. दूसरा पेट्रोल बम कार्यालय की छत पर फेंका गया था. पुलिस के अनुसार, इसे कोल्ड ड्रिंक की बोतल से तैयार किया गया था और उसमें तेज रोशनी के साथ विस्फोट हुआ था.
बड़ा नुकसान टलने की बात
घटना में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली थी. हालांकि, जिस समय हमला हुआ, कार्यालय में कई लोग मौजूद थे. पुलिस का मानना है कि विस्फोट अधिक शक्तिशाली होने पर गंभीर स्थिति बन सकती थी.
SIT ने कोडरमा से की थी गिरफ्तारी
रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई थी. एसआईटी ने जांच के बाद अमन अंसारी और सायम सुजान को कोडरमा से गिरफ्तार किया था. बाद में इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपने हाथ में ले ली.