Ranchi News : गढ़वा सदर के तत्कालीन अंचल अधिकारी सफी आलम के खिलाफ दर्ज शिकायत की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तेज कर दी है। एसीबी ने शिकायतकर्ता को गवाही देने और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए बुलाया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सफी आलम के कार्यकाल के दौरान सीलिंग और सीएनटी भूमि की जमाबंदी, म्यूटेशन तथा भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं। इसके अलावा ग्राम कल्याणपुर की कुछ जमीनों के हस्तांतरण और करीब 18 एकड़ सीलिंग भूमि की खरीद-बिक्री में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
रिश्वत लेने के आरोप, संपत्ति की जांच की भी मांग
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अंचल कार्यालय में म्यूटेशन, जमाबंदी और अन्य राजस्व कार्यों के लिए रिश्वत की मांग की जाती थी। उन्होंने पिछले दो वर्षों में हुए भूमि संबंधी मामलों की जांच कराने के साथ-साथ तत्कालीन अंचल अधिकारी की चल एवं अचल संपत्ति की भी जांच कराने की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता का बयान दर्ज होने के बाद एसीबी आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगी। हालांकि, एसीबी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, सफी आलम की ओर से भी आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। एजेंसी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।