Palamu News: पलामू जिले के चियांकी में गुरुवार को फोरलेन हाईवे निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। प्रशासन जब पुलिस बल के साथ जमीन का कब्जा लेने पहुंचा तो स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
पथराव में दो जवान घायल, अस्पताल में भर्ती
पथराव में जैप जवान राजमोहन सिंह और सहायक पुलिस की महिला जवान प्रिया सिंह घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ समय के लिए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे भी जाम कर दिया, हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति संभाल ली।
मुआवजे को लेकर ग्रामीणों का विरोध, पहले से लागू थी धारा 144
ग्रामीणों का आरोप है कि फोरलेन परियोजना के लिए उनकी जमीन का उचित मुआवजा अब तक नहीं दिया गया है, जबकि प्रशासन निर्माण कार्य शुरू कराने की कोशिश कर रहा है। संभावित तनाव को देखते हुए सदर एसडीएम संजय पांडेय ने चियांकी क्षेत्र में 9 और 10 जुलाई के लिए पहले ही निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी थी।
इलाके में पुलिस कैंप, हालात पर प्रशासन की नजर
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर माहौल शांत कराने में जुटे हैं। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आगे की कार्रवाई प्रशासन द्वारा की जा रही है।