Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-09

Jamshedpur News: टेल्को में 18 भाजपाइयों पर केस को लेकर एसएसपी से मिलीं पूर्णिमा साहू, धाराओं की समीक्षा की मांग

Jamshedpur News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू ने एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब से मुलाकात की. उन्होंने 18 भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामले में लगाई गई धाराओं की समीक्षा कर उचित कार्रवाई करने की मांग की.

पूर्णिमा साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ ऐसी धाराएं लगाई गई हैं, जो कथित रूप से मौके की परिस्थिति से मेल नहीं खातीं. उनके अनुसार, प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351, 353, 190 और 191 जैसी धाराएं लगाई गई हैं, जबकि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की हिंसा या सरकारी कार्य में बाधा नहीं पहुंचाई गई.

"भाजपा कार्यकर्ताओं ने नहीं किया कोई हिंसक काम"
विधायक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि दंगा, हिंसा और सरकारी काम में बाधा से जुड़ी धाराएं लगाकर कार्यकर्ताओं को परेशान करने की कोशिश की गई.

उन्होंने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष समीक्षा करने और तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लेने का आग्रह किया. पूर्णिमा साहू ने कहा कि पुलिस को यह देखना चाहिए कि मौके पर वास्तव में किस तरह की गतिविधियां हुई थीं और क्या प्राथमिकी में लगाई गई धाराएं उचित हैं.

नशे के कारोबार पर भी दी जानकारी
पूर्णिमा साहू ने कहा कि मुलाकात के दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कथित नशे के कारोबार की जानकारी भी एसएसपी को दी. उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार और इससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है. विधायक ने कहा कि वर्तमान एसएसपी के पदभार संभालने के बाद पुलिस की कार्रवाई में बदलाव दिख रहा है. उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठकों को लेकर संतोष जताया.

पुलिस को हर संभव सहयोग का भरोसा
भाजपा विधायक ने कहा कि अपराध और नशे के कारोबार की जानकारी जुटाने में भाजपा पुलिस को हर संभव सहयोग देगी. उन्होंने कहा कि कार्रवाई करना पुलिस का अधिकार है, लेकिन भाजपा क्षेत्र से मिलने वाली सूचनाएं प्रशासन तक पहुंचाती रहेगी.



उन्होंने यह भी कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के लिए थाना स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए. विधायक के अनुसार, अगर स्थानीय स्तर पर पुलिसकर्मियों की मिलीभगत होती है तो अपराधियों पर कार्रवाई मुश्किल हो जाती है.

हिमांशु हत्याकांड के बाद भाजपा ने किया था बंद का आह्वान
गौरतलब है कि 3 जुलाई को हिमांशु हत्याकांड और शहर में बढ़ते अपराध के विरोध में भाजपा ने जमशेदपुर बंद का आह्वान किया था. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे.

टेल्को थाना क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने करीब 18 भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था. अब इस प्राथमिकी को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन से धाराओं की समीक्षा की मांग की है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !