Dhanbad News : शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित बिसुनपुर नाला के समीप रहने वाली 70 वर्षीय राजकुमारी देवी तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का शिकार हो गईं। दो ठग खुद को समस्या का समाधान करने वाला बताकर उनके सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, त्रिलोकी यादव की पत्नी राजकुमारी देवी अपने घर के पास थीं। इसी दौरान काले कपड़े पहने दो लोग वहां पहुंचे और बातचीत शुरू की। ठगों ने दावा किया कि तंत्र-मंत्र के जरिए घर की सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी।
बातों में फंसाकर उन्होंने महिला से पूजा-अनुष्ठान कराने के नाम पर शरीर पर पहने सभी सोने के आभूषण उतारकर गमछे में रखने को कहा। इसके बाद महिला को निर्देश दिया कि गमछा वहीं रखकर 51 कदम पीछे मुड़कर चलें, तभी तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया पूरी होगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, लोगों से सतर्क रहने की अपील
महिला जैसे ही उनकी बातों पर विश्वास कर 51 कदम पीछे चलीं, ठग गहनों से भरा गमछा लेकर मौके से फरार हो गए। वापस लौटने पर महिला ने देखा कि दोनों ठग गायब हैं। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो गई है। घटना के बाद राजकुमारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक या चमत्कार के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।