Palamu News : जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंकने के बाद खुद भी उसमें छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने महिला को समय रहते बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों बच्चियों की जान नहीं बचाई जा सकी।
मृत बच्चियों की पहचान प्रिय कुमारी (7 वर्ष) और डॉली कुमारी (5 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों कंडा गांव निवासी छोटे लाल प्रजापति की पुत्रियां थीं।
घटना के समय घर के पास स्थित कुएं से बड़ी बेटी की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और महिला को जीवित बाहर निकाल लिया, जबकि दोनों बच्चियों को बाहर निकालने तक काफी देर हो चुकी थी।
पति पर प्रताड़ना के आरोप, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
ग्रामीणों के अनुसार महिला लंबे समय से पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि उसका पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। साथ ही परिवार में तीन बेटियां होने को लेकर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था।
घटना की सूचना मिलने पर नावाबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।