Jharkhand Weather Update: झारखंड में गुरुवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। रांची, दुमका, जामताड़ा समेत 18 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई इलाकों में वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है।
रांची से जमशेदपुर तक बारिश के आसार, इन जिलों में वज्रपात का खतरा अधिक
आज रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा और लोहरदगा समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, देवघर और दुमका में तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
कहीं सुहाना रहेगा मौसम, तो कहीं उमस और गर्मी करेगी परेशान
बारिश और बादलों के कारण रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में दिन का तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के कुछ हिस्सों में बादलों के बीच धूप निकलने से अधिक गर्मी महसूस हो सकती है और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
31 से 34 डिग्री तक रहेगा तापमान
राज्य में न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रांची, बोकारो और जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर नहीं जाने और सतर्कता बरतने की अपील की है।