Jharkhand News: ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं. दौरे के पहले दिन उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में चल रही प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार से शिष्टाचार मुलाकात भी की. इसके बाद हुई समीक्षा बैठक में मनरेगा, वीबी-जी राम-जी योजना और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी समेत अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई.
योजनाओं की उपलब्धि और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने राज्य में संचालित योजनाओं की उपलब्धियों, मौजूदा प्रगति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी. योजनाओं को समय पर पूरा करने, नियमित निगरानी रखने और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के मुद्दे पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ.
संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए.
बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश
स्वाति शर्मा ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए हर स्तर पर बेहतर समन्वय जरूरी है. उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग के साथ काम में तेजी लाने और तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया. अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान संयुक्त सचिव विभिन्न योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का भी जायजा लेंगी. इस दौरान अधिकारियों के साथ आगे की रणनीति और कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी. बैठक में मनरेगा आयुक्त मृत्युंजय कुमार बरनवाल, विशेष कार्य पदाधिकारी बजेंद्र हेमरोम और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे.