Ranchi Highway Crime: टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को दिनदहाड़े महिलाओं के साथ गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन महिलाओं की कार का कुछ युवकों ने पहले स्कॉर्पियो से पीछा किया. इसके बाद दशम फॉल थाना क्षेत्र में आरोपियों ने कार को जबरन रुकवा लिया. कार रुकते ही युवकों ने उस पर हमला कर शीशे तोड़ दिए और बीच-बचाव करने आए चालक के साथ जमकर मारपीट की.
मदद के लिए चिल्लाईं महिलाएं
अचानक हुए इस हमले से कार में सवार तीनों महिलाएं बुरी तरह घबरा गईं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं. महिलाओं की आवाज सुनकर जब स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुटने लगे, तो खुद को घिरता देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गए. पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि घटना के दौरान उन्होंने तत्काल डायल-100 पर पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन करीब 25 मिनट तक पुलिस का कोई अता-पता नहीं था.
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
काफी देर बाद दशम फॉल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित महिलाओं को सुरक्षा के बीच थाने ले जाकर मामले की पूरी जानकारी ली. इस घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली (डायल-100) पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है. जानकारी के अनुसार, एक आरोपी की पहचान राजकुमार महतो के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक का संबंध भी इसी क्षेत्र से बताया जा रहा है. दोनों आरोपियों की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष के बीच है. पुलिस ने मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.