Seraikela: सरायकेला-खरसावां की उप विकास आयुक्त (डीडीसी) रीना हंसदा ने सोमवार को कुकड़ू प्रखंड का दौरा कर विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के लिए प्रस्तावित भूमि का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि स्वच्छता से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्री बच्चों की आसान पहुंच में उपलब्ध रहे।
बालिका आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा
झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान रीना हंसदा ने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र छात्रा तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
प्रस्तावित पीएचसी की भूमि का किया निरीक्षण
डीडीसी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए प्रस्तावित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक निर्देश
दौरे के बाद प्रखंड कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीडीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जनशिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।