Jamshedpur: बागबेड़ा की कीताडीह क्षेत्र की जिला पार्षद डॉ. कविता परमार ने रविवार को सांसद विद्युत वरण महतो को एक मांग पत्र सौंपा। इस पत्र में उन्होंने वायरलेस मैदान में रौशनी की व्यवस्था, पार्क के सौंदर्यकरण, बागबेड़ा क्षेत्र में कचरा निष्पादन और नाला सफाई को लेकर अहम मांगें रखीं।
पार्षद परमार ने सांसद को सुंदर पार्क निर्माण के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि शाम के समय मैदान में अंधेरा हो जाता है, जिससे महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो जाते हैं और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है। उन्होंने आग्रह किया कि वहां प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराई जाए ताकि आमजन विशेषकर महिलाएं और बच्चे बिना भय के पार्क का उपयोग कर सकें।
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा, किरण सिंह, रेणु श्रीवास्तव समेत दर्जनों महिलाएं भी मौजूद थीं जिन्होंने एक स्वर में उक्त समस्याओं के समाधान की मांग की।
इसके अलावा डॉ. परमार ने बागबेड़ा क्षेत्र में फैले कचरे के अंबार और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने की समस्या भी सांसद के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है और इस बार नाला सफाई नहीं होने के कारण जलजमाव और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
सांसद विद्युत वरण महतो ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया और कहा कि वह संबंधित विभागों से बात कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।