Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-07

Lohardaga Crime News: लोहरदगा में नकली शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामान बरामद

Lohardaga: झारखंड के लोहरदगा जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुडू-चांपी मार्ग पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो मालवाहक टेम्पू को पकड़ा, जिनमें नकली अंग्रेजी शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और बड़ी मात्रा में संदिग्ध शराब बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

एसपी के निर्देश पर गठित की गई थी विशेष टीम
पुलिस के अनुसार, जिले के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि दो टेम्पू के जरिए अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने कुडू-चांपी मार्ग स्थित टिको मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।

पुलिस को देखकर भागे चालक, पीछा कर पकड़े गए
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों टेम्पू को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वाहन में सवार चालक मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीछा किया और दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधीर कुमार साहु (21), निवासी कमड़े, रांची और प्रकाश लोहरा (20), निवासी विश्रामगढ़, लोहरदगा के रूप में हुई है।

शराब बनाने का पूरा सेटअप बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को 16 जार में भरी नकली अंग्रेजी शराब, करीब 25 लीटर संदिग्ध तरल पदार्थ, स्प्रिट जैसे पदार्थ से भरे कंटेनर, तीन टुलू पंप, दो मशीनें, रॉयल चैलेंज ब्रांड के कार्टन, प्लास्टिक की शराब बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और बारकोड समेत कई सामान मिले हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध तरीके से नकली शराब तैयार कर उसे बड़े ब्रांड के नाम पर बाजार में बेचने की तैयारी थी। पुलिस अब इस पूरे गिरोह और इसके पीछे जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।

कुडू थाना में दर्ज हुआ मामला, आगे भी जारी रहेगा अभियान
इस मामले को लेकर कुडू थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 292, 274, 338 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !