SAIL Hospital Guwa: पश्चिमी सिंहभूम के गुवा बाजार से इंसानियत और सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल पेश करने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। गुवा सेल (SAIL) अस्पताल में इलाज के दौरान एक गरीब मजदूर की पत्नी की मौत हो गई। महिला के पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिवार अंतिम संस्कार कराने में पूरी तरह असहाय था। ऐसे कठिन समय में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने आगे बढ़कर मानवीय जिम्मेदारी निभाई।
इलाज के दौरान महिला की मौत
जानकारी के अनुसार, गुवा बाजार में बोझा ढोकर परिवार का गुजारा करने वाले मजदूर की पत्नी पिछले दस दिनों से बीमार थी और उसका इलाज गुवा सेल अस्पताल में चल रहा था। सोमवार देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने से शव अस्पताल में ही पड़ा रहा। इसकी सूचना अस्पताल कर्मियों ने स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों को दी।
मुखिया और युवाओं ने चंदा जुटाकर कराया अंतिम संस्कार
सूचना मिलते ही गुवा पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी अस्पताल पहुंचीं और स्थानीय समाजसेवी युवाओं को एकजुट किया। सभी ने आपस में चंदा जुटाकर कफन, दाह-संस्कार और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कीं। इसके बाद महिला के शव को पूरे सम्मान के साथ अस्पताल से ले जाकर रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार कराया गया।
मुखिया के नेतृत्व में युवाओं ने निभाया मानवता का फर्ज
मुखिया पद्मिनी लागुरी ने कहा कि समाज में जब भी कोई व्यक्ति बेबस और असहाय स्थिति में हो, तब राजनीति से ऊपर उठकर उसकी मदद करना हम सभी का कर्तव्य है। इस मानवीय कार्य में समाजसेवी दीनबंधु भंज, सोनू महापात्र, सोनाराम बालमुचू, राहुल पान, करण लोहार, करण होरों, राजेश दास, भारत पान समेत कई युवाओं ने अंतिम संस्कार की पूरी जिम्मेदारी निभाई।
असहाय परिवार का संबल बनी समाज की एकजुटता
इस संवेदनशील पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आज के समय में जब कई लोग अपनों से भी दूरी बना लेते हैं, तब इन युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने एक असहाय परिवार का सहारा बनकर न केवल महिला को सम्मानजनक विदाई दी, बल्कि समाज में सेवा, एकजुटता और मानवता का प्रेरणादायक संदेश भी दिया।