DD Bar Murder Case: जमशेदपुर के बिष्टपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस द्वारा गठित विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए बार के मैनेजर विजय महानन्द और दो अन्य आरोपियों लखिन्द्र लोहार व जगदीश मंडल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग (विधि-विरुद्ध बालक) को निरुद्ध किया गया है. मामले में 5 नामजद आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिसके बाद अब तक पकड़े गए कुल आरोपियों की संख्या 9 हो गई है.
आरोपियों को भगाने और हथियार छिपाने में की मदद
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला है कि बार मैनेजर विजय महानन्द को उसके बिरसानगर स्थित आवास से पकड़ा गया. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी धतकीडीह और गम्हरिया से हुई है. अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि आरोपी जगदीश मंडल ने मुख्य आरोपियों को वारदात के बाद फरार होने और छिपने के लिए गाड़ियां उपलब्ध कराई थीं. उसने घटना में इस्तेमाल किए गए घातक हथियारों को छिपाने में भी आरोपियों की पूरी मदद की थी.
कुल्हाड़ी, चापड़ और पंच समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
पकड़े गए आरोपी लखिन्द्र लोहार और निरुद्ध नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने धतकीडीह स्थित उनके छिपने के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं. बरामद सामानों में घटना में इस्तेमाल किया गया 1 चापड़, 1 कुल्हाड़ी, 1 भुजाली, 1 बड़ा चाकू, 8 पीस लोहे के पंच और 1 स्टील चाकू (गुप्ती) शामिल हैं. इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से फरार होने में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.