Seraikela: सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। लगातार चल रही इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस गली-मोहल्लों में गश्त के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच कर रही है।
वाहनों और संदिग्ध लोगों की हो रही जांच
अभियान के तहत पुलिस क्षेत्र के विभिन्न गली-मोहल्लों में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही मुख्य सड़कों और बाजारों में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध सामान की भी तलाशी ले रही है।
अपराध और तस्करी रोकने के लिए अभियान
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और अवैध सामान की तस्करी रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान जारी रखेगी।
लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही पुलिस चेकिंग से अपराधियों और शरारती तत्वों में खौफ का माहौल है। वहीं ओपी प्रभारी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।