Bundu News : बुंडू थाना क्षेत्र में 19 जून को मिले सिर कटा अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने 17 दिन बाद सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में मृतक संजय लोहरा की पत्नी के कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में मिले सुराग और उसकी निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के आगरा और सुंदरडीह जंगल से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद किया गया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। आरोप है कि संजय लोहरा की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव का सिर धड़ से अलग कर दिया गया और शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के सुमानडीह जंगल से सिर कटा अधजला शव बरामद हुआ था, जबकि मृतक का सिर गायब था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की थी।
तकनीकी जांच और एफएसएल की मदद से खुला राज
लगातार 17 दिनों तक चली जांच, तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पुलिस की पड़ताल के बाद मामले का खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद किया।
बरामदगी के दौरान एफएसएल की टीम, बुंडू के डीएसपी, बुंडू थाना प्रभारी, तमाड़ थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।